Latest News

Breaking News 3 March 2026

1 )  होली 2026: रंग कम रील्स ज़्यादा?

मोहल्ले की गली में बाल्टी भर पानी, छत से गिरता गुब्बारा, और वह दोस्त जो सुबह 7 बजे ही दरवाज़ा तोड़ देने की हद तक रंग लगाने आ जाता था। उस वक्त किसी को फर्क नहीं पड़ता था कि चेहरा कैसा लग रहा है, या फोटो कैसी आएगी। लेकिन 2026 की होली एक नया फ्रेम लेकर आई है। अब गुलाल उड़ने से पहले फोन का फ्रंट कैमरा एंगल सेट होता है। पुरानी होली में एक अनगढ़पन था। रंग अचानक पड़ता था, हंसी अचानक फूटती थी, और शाम तक कोई पहचान में नहीं आता था। आज की होली में प्लानिंग है, लाइटिंग है, फिल्टर है। फर्क बस इतना है कि पहले हम खुद को भूल जाते थे, अब खुद को फ्रेम में फिट कर लेते हैं। लेकिन सच यह भी है कि हर दौर अपनी होली खुद गढ़ता है। हमारे माता-पिता की होली अलग थी, हमारी अलग है, और आने वाली पीढ़ी की शायद और अलग होगी। त्योहार स्थिर नहीं होते, समाज के साथ बदलते हैं। हालांकि रुको-रुको, फिर से लगाओ, स्लो मोशन में फोटो क्लिक करो मेरा वीडियो बनाओ…  यह वाक्य अब होली की अब नई आवाज़ है। इंस्टाग्राम, यूट्यूब शॉर्ट्स और बाकी सोशल प्लेटफॉर्म्स पर हर साल होली के आसपास कंटेंट की बाढ़ आ जाती है। बड़े शहरों में होली अब इवेंट बन चुकी है। रंग बरसे फेस्ट 2026, DJ रेन डांस होली पार्टी, ऑर्गेनिक कलर थीम नाइट ऐसे पोस्टर पहले छपते हैं, रंग बाद में उड़ते हैं। टिकट 500 से लेकर 3000 रुपये तक होती है अंदर एंट्री, कलाई पर बैंड, प्रोफेशनल फोटोग्राफर और ड्रोन शॉट। यह भी एक सच्चाई है। लेकिन बात यहीं खत्म नहीं होती। बदलाव सिर्फ दिखावे का नहीं, अनुभव का भी है। आज की पीढ़ी के लिए यादें सिर्फ याद नहीं, सेव और शेयर करने लायक चीज़ हैं। पहले होली खत्म होती थी तो रंग दो दिन में धुल जाते थे और तस्वीरें दिमाग में रह जाती थीं। अब रंग उसी शाम धुल जाते हैं, लेकिन रील सालभर घूमती रहती है। तो क्या यह गलत है? जरूरी नहीं। सोशल मीडिया ने दूर बैठे दोस्तों को जोड़ दिया है। जो दोस्त विदेश में है, वह वीडियो कॉल पर वर्चुअल गुलाल लगा देता है। जो परिवार अलग-अलग शहरों में है, वह एक ही फ्रेम में दिख जाता है। कई छोटे कलाकार, डीजे और इवेंट ऑर्गनाइज़र इसी सीजन में अपनी सालभर की कमाई निकाल लेते हैं। त्योहार अब डिजिटल अर्थव्यवस्था का भी हिस्सा है। इस बार जब होली खेलो, तो एक काम करना। एक रील बना लेना, एक फोटो डाल देना लेकिन एक पल ऐसा भी रखना जब फोन जेब में हो और सामने खड़ा दोस्त सच में दिखे। जब रंग सच में चेहरे पर लगे, सिर्फ स्क्रीन पर नहीं। फिर भी, कहीं न कहीं एक सवाल रह जाता है। क्या हम होली को जी रहे हैं या होली का कंटेंट बना रहे हैं? कभी-कभी भीड़ में खड़े होकर लगता है कि सब रंगों में भीगे हैं, लेकिन आंखें स्क्रीन पर हैं। कोई गाना बज रहा है, लेकिन लोग पहले यह देख रहे हैं कि यह ट्रेंड कर रहा है या नहीं। हो सकता है 2026 की होली में रंग कम दिखें और रील्स ज्यादा, लेकिन अगर एक भी पल ऐसा बना जो कैमरे में कैद न हो सके, वही असली जीत होगी। क्योंकि कुछ यादें ट्रेंड नहीं करतीं, बस दिल में रहती हैं। और शायद होली का असली रंग वही है जो पोस्ट नहीं होता, लेकिन महसूस होता  है ग्रेट पोस्ट न्यूज़ की तरफ से आप सभी को हैप्पी होली।

 

2.नोएडा सेक्टर 61 में मना होली मिलन महोत्सव 

नोएडा के सेक्टर 61 के पार्क का नज़ारा इस बार थोड़ा अलग था। सोसाइटी की ओर से आयोजित होली मिलन महोत्सव में आसपास की तीन-चार रिहायशी सोसाइटी के निवासी भी शामिल हुए। नतीजा यह रहा कि पार्क एक छोटे से उत्सव में बदल गया..आयोजकों ने पहले ही तय कर लिया था कि इस बार होली प्राकृतिक तरीके से मनाई जाएगी। चंदन, सूखा गुलाल और फूलों से होली खेली गई, ताकि किसी की त्वचा खराब न हो और आसपास का माहौल भी प्रदूषित न हो। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी ने इस पहल का स्वागत किया। पानी की बर्बादी से बचने के लिए सूखी होली को प्राथमिकता दी गई। यह संदेश साफ था त्योहार मनाइए, लेकिन जिम्मेदारी के साथ। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक मिलन से हुई। लोगों ने एक-दूसरे को चंदन का तिलक लगाया, गुलाल से शुभकामनाएं दीं डीजे की धुन पर लोग झूमे भी, लेकिन मर्यादा और अनुशासन के साथ। माहौल में उत्साह था, पर कहीं भी हुड़दंग नहीं दिखा। कार्यक्रम के दौरान मंच से हिंदू संगठन और हिंदू एकता पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि हिंदुओं को अपने पर्व मिल-बांटकर मनाने चाहिए, एक-दूसरे के साथ खड़े रहना चाहिए और सामाजिक समरसता को मजबूत करना चाहिए। यह भी कहा गया कि जब समाज संगठित रहता है, तो सांस्कृतिक पहचान और परंपराएं सुरक्षित रहती हैं।  खाने-पीने की भी खास व्यवस्था की गई थी। गुझिया, लड्डू और नमकीन की प्लेटें घूमती रहीं, साथ में ठंडाई का स्वाद भी लोगों ने लिया। इस होली मिलन के दौरान सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जुड़ाव पर भी बातचीत हुई। देशभक्ति गीतों और नारों के बीच यह बात भी दोहराई गई कि सांस्कृतिक परंपराएं हमें जोड़ती हैं, तोड़ती नहीं। निवासियों का कहना है कि इस तरह के आयोजन आपसी रिश्तों को मजबूत करते हैं। फ्लैट और अपार्टमेंट की जिंदगी में लोग अक्सर अपने-अपने दायरे में सीमित रह जाते हैं, लेकिन ऐसे मौके पड़ोसियों को करीब लाते हैं। कई लोग ऐसे भी थे जो पहली बार एक-दूसरे से मिले, लेकिन रंगों ने परिचय को दोस्ती में बदल दिया।