वृंदावन के केशी घाट पर यमुना का शांत दिखने वाला पानी 10 अप्रैल को अचानक मौत का मंजर बन गया। जो नाव कुछ देर पहले श्रद्धा, भजन और सैर की हल्की-फुल्की आवाज़ों से भरी थी, वही नाव कुछ ही पलों में चीखों, अफरा-तफरी और डूबती उम्मीदों की गवाह बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सब कुछ इतना तेजी से हुआ कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला नाव अचानक असंतुलित हुई और देखते ही देखते पलट गई। पानी में गिरते ही लोग एक-दूसरे को पकड़कर बचने की कोशिश करने लगे, लेकिन यमुना की गहराई और घबराहट ने कई जिंदगियों को निगल लिया। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने 6 मौतों की पुष्टि की है, जबकि 20 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआत में 14 लोगों को बचाने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन जैसे-जैसे राहत अभियान आगे बढ़ा, बचाए गए लोगों की संख्या बढ़ती गई। इसके बावजूद कुछ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में गोताखोर लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। हादसे के तुरंत बाद प्रशासन, पुलिस और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया गया। नदी के किनारे भीड़ जमा हो गई, हर चेहरा किसी अपने को ढूंढ रहा था, हर आंख में डर और अनिश्चितता साफ दिख रही थी। घायलों को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। लेकिन इस पूरे घटनाक्रम के बीच जो सबसे बड़ा और कड़वा सवाल उठता है, वह यह है कि क्या यह हादसा रोका जा सकता था? शुरुआती जांच और स्थानीय लोगों के बयान इस ओर इशारा कर रहे हैं कि नाव में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम जैसे लाइफ जैकेट या तो मौजूद नहीं थे या फिर उनकी अनदेखी की गई। यानी यह सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि संभावित लापरवाही का मामला भी बनता दिख रहा है। प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर चूक कहां हुई नाव चालक की, सिस्टम की या नियमों की अनदेखी की। वृंदावन, जिसे आस्था और शांति का प्रतीक माना जाता है, वहां इस तरह की घटना व्यवस्था की परतें खोलकर रख देती है। हर दिन हजारों श्रद्धालु यहां यमुना के किनारे पहुंचते हैं, नाव की सवारी करते हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन अक्सर सिर्फ औपचारिकता बनकर रह जाता है। सवाल यह है कि क्या इन नावों का नियमित निरीक्षण होता है? क्या यात्रियों की संख्या पर कोई सख्त नियंत्रण है? और सबसे अहम क्या किसी की जिम्मेदारी तय होती है या हर बार हादसे के बाद सब कुछ वक्त के साथ ठंडा पड़ जाता है? यह हादसा एक बार फिर उसी सच्चाई को सामने लाता है, जिसे हम हर बार नजरअंदाज कर देते हैं जब तक सब कुछ ठीक चलता है, तब तक नियमों की जरूरत महसूस नहीं होती, और जब हादसा होता है, तब जिम्मेदारियां ढूंढी जाती हैं। हर बार जांच बैठती है, सख्ती के आदेश दिए जाते हैं, लेकिन कुछ दिनों बाद सब कुछ पहले जैसा हो जाता है।
मध्य प्रदेश के धार जिले के एक साधारण से गांव गोंदीखेड़ा में एक ऐसी वारदात हुई जिससे किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएंगे इस वारदात ने शादी और विश्वास जैसे शब्दों की बुनियाद तक हिला दी है। मृतक देवकृष्ण पुरोहित के केस की शुरुआत में तस्वीर बिल्कुल अलग थी। घर के अंदर खून से लथपथ पड़ा शव, बिखरा हुआ सामान, और एक पत्नी जो खुद को बंधा हुआ दिखाकर चीख-चीख कर बता रही थी कि कुछ लोग आए, लूटपाट की और मेरे पति को मारकर चले गए…। यह कहानी इतनी सटीक थी कि पहली नजर में हर कोई यकीन कर ले। लेकिन पुलिस की नजरें भावनाओं से नहीं, सबूतों से काम करती हैं। और यही वो जगह थी जहां यह स्क्रिप्टेड सीन धीरे-धीरे बिखरने लगा। घटनास्थल पर लूट का जो माहौल बनाया गया था, उसमें एक अजीब सी बनावटीपन की गंध थी। सामान बिखरा जरूर था, लेकिन उस अव्यवस्था में घबराहट नहीं थी, बल्कि प्लानिंग दिख रही थी। पत्नी के बयान और मौके की हकीकत आपस में टकरा रहे थे। और जब पुलिस ने टेक्नोलॉजी का सहारा लिया कॉल डिटेल्स, लोकेशन ट्रैकिंग, और गवाहों के बयान तो एक ऐसा सच सामने आया जिसने पूरे केस को उलट दिया। पत्नी प्रियंका का अपने प्रेमी कमलेश से संबंध… और यह कोई नया रिश्ता नहीं था। यह लंबे समय से चल रहा एक ऐसा कनेक्शन था जो अब एक जुनून में बदल चुका था। दोनों ने मिलकर फैसला किया कि इस रिश्ते के बीच जो सबसे बड़ी रुकावट है, उसे खत्म करना ही होगा। और यही वो पल था जहां इंसानियत खत्म हुई और साजिश शुरू हुई। बताया गया कि इस हत्या के लिए एक लाख रुपये की सुपारी दी गई। यानी यह ये पूरी तरह से कॉन्ट्रैक्ट किलिंग थी जहां एक जिंदगी की कीमत तय की गई और फिर उसे खत्म कर दिया गया। रात का वक्त चुना गया, जब देवकृष्ण गहरी नींद में थे। हमला इतना अचानक और सटीक था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही मिनटों में सब खत्म हो गया एक इंसान, एक पति, एक जीवन। लेकिन असली मामला हत्या के बाद शुरू हुआ क्योंकि यहां हत्या को छिपाने के लिए एक पूरा नाटक रचा गया। घर को लूट जैसा दिखाया गया, सामान इधर-उधर फेंका गया, और प्रियंका ने खुद को बंधा हुआ दिखाकर एक पीड़ित का किरदार निभाया। यह एक परफॉर्मेंस थी जहां हर चीज पहले से तय थी। अब सवाल उठता है आखिर ऐसा क्या हो रहा है समाज में? क्यों रिश्ते, जो कभी सहारे होते थे, अब साजिश में बदलते जा रहे हैं? यह केस अकेला नहीं है। भोपाल, इंदौर, मेरठ, दिल्ली पिछले कुछ सालों में ऐसे कई मामले सामने आए हैं जहां पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी। हर केस में कहानी थोड़ी अलग, लेकिन पैटर्न लगभग एक जैसा असंतोष, अवैध संबंध, और फिर एक खतरनाक निर्णय।साइकोलॉजिकल नजरिए से देखें तो यह एक माइंडसेट शिफ्ट है। जब कोई व्यक्ति लंबे समय तक असंतुष्ट रिश्ते में रहता है, जहां झगड़े, ताने और मानसिक दूरी लगातार बनी रहती है, तो वह धीरे-धीरे भावनात्मक रूप से डिस्कनेक्ट हो जाता है। फिर वह रिश्ते को खत्म करने के सामान्य रास्तों जैसे बातचीत, अलगाव या तलाक की जगह शॉर्टकट खोजने लगता है। और यही शॉर्टकट कई बार अपराध में बदल जाता है। यहां एक और खतरनाक पहलू सामने आता है—जस्टिफिकेशन। ऐसे मामलों में आरोपी अपने दिमाग में इस अपराध को सही ठहराने लगता है। उसे लगता है कि वह गलत नहीं कर रहा, बल्कि अपने लिए रास्ता साफ कर रहा है। यही वो मानसिक स्थिति है जहां इंसान गिल्ट महसूस करना बंद कर देता है। लेकिन इस पूरे मामले का सामाजिक असर भी कम खतरनाक नहीं है। लगातार सामने आ रहे ऐसे केस पुरुषों के बीच एक डर पैदा कर रहे हैं क्या शादी अब सुरक्षित है? क्या भरोसा करना अब रिस्क है? सोशल मीडिया पर यह नैरेटिव तेजी से फैल रहा है कि रिश्ते अब भरोसे पर नहीं, शक पर टिके हैं। हालांकि, यहां संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। क्योंकि अपराध का कोई जेंडर नहीं होता। पुरुष भी ऐसे अपराध करते रहे हैं और करते हैं। लेकिन जब महिलाएं इस तरह के मामलों में सामने आती हैं, तो समाज का झटका ज्यादा बड़ा होता है क्योंकि यह हमारी पारंपरिक सोच के खिलाफ जाता है। इस केस में पुलिस ने 36 घंटे के भीतर प्रियंका और उसके प्रेमी कमलेश को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य आरोपी की तलाश अभी भी जारी है। लेकिन गिरफ्तारी इस मामले का अंत नहीं है यह सिर्फ शुरुआत है उस बहस की, जो समाज के अंदर चल रही है। क्योंकि असली सवाल यह नहीं है कि एक हत्या हुई… असली सवाल यह है कि वह हत्या इतनी आसानी से प्लान कैसे हो गई। जब रिश्ते बोझ बनने लगते हैं और लोग उन्हें खत्म करने के लिए अपराध को विकल्प मानने लगते हैं…तो यह कानूनी मुद्दे के साथ साथ ही समाज के मानसिक संतुलन का संकट भी बन जाता है। इस केस की अपडेट जानने के लिए जुड़े रहें ग्रेट पोस्ट न्यूज़ से
उत्तर प्रदेश की सियासत और समाज दोनों के लिए आज का दिन यानी 11 अप्रैल को दशकों से अधूरा पड़ा एक अधिकार आखिरकार पूरा होता दिखा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखीमपुर खीरी की जमीन पर खड़े होकर उन 331 हिंदू परिवारों को वो कागज़ सौंपे, जिनका इंतज़ार उन्होंने शायद अपनी पूरी ज़िंदगी में सबसे ज्यादा किया था यानी भूमिधारी अधिकार पत्र। ये सिर्फ कागज़ नहीं थे, ये पहचान थे, हक थे, और उस सवाल का जवाब थे जो इन परिवारों के साथ सालों से चलता आ रहा था, मामला शुरू होता है 1960 से 1975 के बीच की उस उथल-पुथल से, जब आज के बांग्लादेश (तब का पूर्वी पाकिस्तान) से हजारों हिंदू परिवार अपनी जान बचाकर भारत आए। उन्होंने उत्तर प्रदेश के तराई इलाकों पलिया, मियानपुर, धौरहरा और गोला जैसे इलाकों में बसकर नई जिंदगी शुरू की। खेत थे, मेहनत थी, घर थे… लेकिन जो नहीं था, वो था कानूनी हक। वे जमीन पर रहते थे, उसे जोतते थे, लेकिन कागजों में वो जमीन उनकी नहीं थी। यानी जिंदगी अपनी, लेकिन पहचान अधूरी। और यही अधूरी पहचान 11 अप्रैल को एक मंच पर जाकर पूरी होती है। लखीमपुर खीरी में आयोजित इस कार्यक्रम में CM योगी ने एक-एक कर 331 परिवारों को जमीन के मालिकाना हक के दस्तावेज सौंपे। हर परिवार को औसतन 3 से 7 एकड़ तक जमीन का अधिकार मिला। ये वो पल था जब कागज़ों की फाइलों में दबा हुआ इतिहास, मंच पर आकर इंसाफ बन गया। जिन लोगों के लिए घर सिर्फ एक एहसास था, उनके हाथ में अब उसका कानूनी सबूत भी था। लेकिन बात सिर्फ जमीन तक सीमित नहीं रही। इसी मंच से सरकार ने इन परिवारों को कई योजनाओं से भी जोड़ा किसी को घर की चाबी मिली, किसी को उज्ज्वला योजना का लाभ, तो किसी को किसान योजना के जरिए आर्थिक सहारा। साथ ही, करीब 417 करोड़ रुपये की 200 से ज्यादा विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी हुआ। यानी ये इवेंट सिर्फ अतीत का हिसाब चुकाने का नहीं, बल्कि भविष्य की नींव रखने का भी था। सरकार इसे डबल इंजन की प्रतिबद्धता और सामाजिक न्याय का उदाहरण बता रही है। उनका कहना है कि जो लोग दशकों से हाशिए पर थे, उन्हें मुख्यधारा में लाना ही असली विकास है। लेकिन हर मामले का एक दूसरा पहलू भी होता है। सवाल ये भी उठ रहे हैं कि क्या ये प्रक्रिया सभी प्रभावित परिवारों तक पहुंचेगी या सिर्फ कुछ हिस्सों तक सीमित रह जाएगी? खासकर ऐसे वक्त में जब हर फैसला चुनावी चश्मे से भी देखा जाता है? फिर भी, इन सवालों से अलग अगर जमीन पर खड़े उस इंसान की आंखों में झांकें, जिसके हाथ में पहली बार अपनी जमीन का कागज़ आया है, तो जवाब थोड़ा अलग मिलता है। वहां राजनीति नहीं, राहत दिखती है। वहां बहस नहीं, संतोष दिखता है। क्योंकि जिनके लिए अपना घर सिर्फ एक सपना था, उनके लिए ये दिन उस सपने के सच होने जैसा था।